भोपाल। राज्य के खनिज विभाग ने मैगनीज ओर इंडिया लिमिटेड यानि मॉयल को सभी बकाया अदा करने की शर्त पर बालाघाट जिले के ग्राम भरवेली, हीरापुर, मानेगांव, मंझारा, आंवलाझारी एवं टवेझरी के कुल रकबा 182.3004 हैक्टेयर क्षेत्र में खनिज मैगनीज के खनन का पट्टा दस साल के लिये स्वीकृत कर दिया है।

दरअसल मॉयल को 1 जुलाई 1962 से 30 जून 2022 तक साठ वर्ष के लिये उक्त खनन पट्टा दिया गया था तथा इसकी अवधि खत्म होने पर शर्तों के साथ पुन: दस साल के लिये अर्थात 30 जून 2032 तक उक्त कंपनी को प्रदान कर दिया गया है।

पिछले साठ सालों में कंपनी पर जो भी बकाया है मसलन रॉयल्टी, डेडरेंट, नेशनल मिनरलज एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट में देय रकम, डीएमएफ फण्ड का बकाया आदि का भुगतान करना होगा तभी उसे इस पट्टे के लिये अनुबंध करने करने की मंजूरी मिलेगी।