मोरबी CCTV फुटेज से पता चला कि लोगों ने माच्छू नदी पर बने केबल ब्रिज को हिलाया जिसके बाद ही ये ब्रिज ताश के पत्तों की तरह ढह गया। जिसकी वजह से ये दुर्घटना हुई और हादसे में कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।

गुजरात के मोरबी में माच्छू नदी पर बना पुल रविवार शाम ढह गया, जिसमें कम से कम 140 लोगों की मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि लोगों ने पुल को हिलाया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग पुल को पकड़े हुए हैं और केबल की मदद से उसे घुमाने की कोशिश कर रहे हैं। पुल लोगों से खचाखच भरा हुआ था और जैसे ही उन्होंने पुल को हिलाया, वह झुक गया और अचानक गिर गया। पुल पर खड़े कई लोग नदी में गिर गए।

पुल को रिनोवेशन के लिए 6 माह पहले बंद किया गया था और करीब 2 करोड़ की लागत से इसे रिनोवेट कर 4 दिन पहले ही खोला गया था। पुल को बिना म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की अनुमति के खोला गया था।  इस लापरवाही के लिए म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और उसके अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। 

इधर हादसे के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोमवार को अहमदाबाद में होने वाले वाला रोड शो रद्द कर दिया गया है। हादसे के बाद कई लोग अभी भी लापता हैं। उन्हें खोजने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी है। हादसे पर खुद गृह मंत्री अमित शाह बारीकी से नजर रखे हुए हैं। वे रात भर प्रधानमंत्री कार्यालय के संपर्क में रहे। गुजरात के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने भी पूरे हालात का जायजा लिया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को घटना की पूरी जानकारी दी गई।