गुजरात के मोरबी में पुल गिरने से मृतकों की संख्या 140 तक पहुँच गई है। नौसेना, एनडीआरएफ, वायुसेना और सेना के जवान बचाव अभियान में जुटे हैं। दूसरी और हादसे से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हैं। यह कुछ भाजपा नेताओं द्वारा यह दावा भी किया जा रहा है कि यह हादसा गुजरात को बदनाम करने की साजिश है।
एक वायरल वीडियो को ट्वीट कर भजपा से जुड़े अरुण यादव ने इस घटनाक्रम को साजिश करार दिया है।
वहीं भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने भी आमआदमी पार्टी के विधायक नरेश बालियान के एक ट्वीट को भी हादसे से जोड़ा है। उन्होंने सवाल उठा कि मोरबी के भयानक हत्याकांड से एक दिन पहले इन ट्वीट्स का अर्थ क्या है?
दूसरी ओर आप समर्थकों ने भाजपा नेताओं के आरोपों को कुतर्क और जिमेदारी से बचने का प्रयास बताया है। आप समर्थकों ने नरेश बालियान के ट्वीट को दो किसान नेताओं के पार्टी में शामिल होने से जुड़ा बताया है।
इधर हादसे के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोमवार को अहमदाबाद में होने वाले वाला रोड शो रद्द कर दिया गया है। हादसे के बाद कई लोग अभी भी लापता हैं। उन्हें खोजने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी है। हादसे पर खुद गृह मंत्री अमित शाह बारीकी से नजर रखे हुए हैं। वे रात भर प्रधानमंत्री कार्यालय के संपर्क में रहे। गुजरात के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने भी पूरे हालात का जायजा लिया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को घटना की पूरी जानकारी दी गई।
पुल को रिनोवेशन के लिए 6 माह पहले बंद किया गया था और करीब 2 करोड़ की लागत से इसे रिनोवेट कर 4 दिन पहले ही खोला गया था। पुल को बिना म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के की अनुमति के खोला गया था। इस लापरवाही के लिए म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और उसके अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।