क्या उद्धव ठाकरे की सरकार का समय समाप्त हो गया है! यह प्रश्न इसलिए गंभीर हो गया है क्योंकि दो दर्जन से ज्यादा विधायक बागी, होकर गुजरात पहुंच गए हैं. ये सभी विधायक सूरत के ली मेरिडियन होटल में रुके हैं. इससे महाराष्ट्र की सरकार पर संकट गहरा गया है। सूत्रों के मुताबिक मंत्री एकनाथ शिंदे 25 विधायकों के साथ गुजरात चले गए हैं। राज्य के कद्दावर मंत्री शिंदे शिवसेना में अपनी लगातार हो रही उपेक्षा से नाराज चल रहे थे। शिंदे कल शाम से ही मुख्यमंत्री उद्धव का फोन भी नहीं उठा रहे हैं। इधर, शिवसेना ने मंगलवार को विधायक दल की बैठक बुलाई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सूरत में सभी विधायक आज संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं। ये सूरत के ली मेरिडियन होटल में रुके हैं। सभी विधायक होटल से ही दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इन सभी विधायकों को सूरत लेकर आने में भाजपा के दो बड़े नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। दोनों बीजेपी के दिग्गज नेता हैं.
एकनाथ शिंदे शिवसेना के दिग्गज नेताओं में से है। 2019 में चुनाव का रिजल्ट आने के बाद शिवसेना ने शिंदे को विधायक दल का नेता बनाया था। ठाणे इलाके के वे बेहद बड़े नेता माने जाते हैं और बालासाहब ठाकरे के समय से ही पार्टी से जुड़े हुए हैं। पिछले दिनों महाराष्ट्र में राज्यसभा और विधान परिषद के चुनाव में शिवसेना ने शिंदे को पूरी तरह दरकिनार कर दिया. इसके बाद से ही वे नाराज चल रहे थे।
महाराष्ट्र में इन विधायकों के बागी होने पर सरकार पर गिर सकती है। उद्धव ठाकरे सरकार के पास कुल 153 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। सरकार बनाने के लिए 144 विधायक चाहिए, 1 सीट वर्तमान में खाली है। अगर शिवसेना में फूट होती है, तो कांग्रेस के कुछ विधायक भी अपना पाला बदल सकते हैं।
इस उठापटक के बीच एनसीपी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने सीएम उद्धव ठाकरे से मातोश्री में मुलाकात की है। वहीं शिवसेना सांसद संजय राउत ने अपना आज का दिल्ली दौरा रद्द कर दिया है। वे आज शरद पवार के दिल्ली आवास पर राष्ट्रपति कैंडिडेट को लेकर बैठक में शामिल होने वाले थे।