Morena News: मुरैना जिला मुख्यालय पर पदस्थ डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर को पुलिस ने रेप केस में गिरफ्तार कर लिया है। एक युवती ने माहौर के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और कार-फ्लैट में बलात्कार का आरोप लगाया है। 

सिविल लाइन थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 351(1), 351(3) और 225 के तहत मामला दर्ज किया है। टीआई सिविल लाइन उदय भान यादव ने बताया कि आरोपी डिप्टी कलेक्टर को रात में गिरफ्तार किया है। गुरुवार को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश करेंगे। 

गिरफ्तारी के बाद अरविंद माहौर का ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। इसके चलते सुबह करीब 4 बजे उनका इलाज कराया गया, जिसके बाद हालत ठीक बताई जा रही है। डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर ने आरोपों से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा- सब गलत है। लड़की ने सिर्फ FIR कराई है। अभी मैं आरोपी साबित नहीं हुआ हूं। 

सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बुधवार (3 जून) रात थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर से उसकी दोस्ती फेसबुक पर हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई। माहौर ने उसे शादी का प्रस्ताव दिया, जिस पर वह राजी हो गई। इसके बाद माहौर ने कार और फ्लैट में उसके साथ संबंध बनाए थे।