रतलाम. एमपी के रतलाम जिले के बदनावर के कोद गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां एक महिला ने पहले अपने तीन बच्चों को जहर पिलाया और फिर खुद भी जहर पी लिया। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां से फिर रतलाम रेफर कर दिया गया। रतलाम में इलाज के दौरान दो मासूम बच्चों की मौत हो गई है जबकि मां और एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।

बदनावर के कोद गांव में रहने वाली महिला ने घर पर पानी में घोलकर पहले अपने तीन मासूम बच्चों को जहर पिलाया और फिर स्वयं भी इसे पी लिया। जहर पीने के कुछ देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने पर पड़ोस में रहने वाले परिजनों को घटना का पता चला. वो तुरंत एंबुलेंस से चारों को बदनावर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उन्हें बाद में रतलाम रेफर कर दिया गया। महिला का नाम ममताबाई पति संतोष सिंदल बताया गया है। 40 वर्ष ममताबाई के नाबालिग बच्चों के नाम सेतु, परी, कुणाल है।

बताया जा रहा है कि महिला का पति दूसरे शहर में रहता है. महिला का पति से फोन पर विवाद हुआ था जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। बाद में बच्चों को उल्टियां होने लगी तथा वे रोने लगे तो इलाज के लिए गांव की एंबुलेंस से सिविल हॉस्पिटल बदनावर लाया गया। बच्चों की दादी प्रेमबाई ने बताया कि उसका लड़का संतोष बाहर नौकरी कर रहा है तथा बच्चे बहू पास में ही अलग मकान में रहते हैं। गंभीर हालत में रतलाम रेफर किए गए मां और तीन बच्चों में से दो बच्चों की रतलाम जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर कर दिया गया है। मां का अभी रतलाम में ही इलाज किया जा रहा है।