कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पिछले कई दिनों से भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इस दौरान वे पार्टी कार्यकतार्ओं और आम लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इसी दौरान एक युवक ने राहुल गांधी से पूछता है कि 'यात्रा के दौरान टैनिंग से बचने के लिए आप कौन सी सनस्क्रीन क्रीम का इस्तेमाल करते हैं?' इस पर राहुल ने जवाब दिया, कि मां ने सनस्क्रीन भेजी है लेकिन मैं उसे इस्तेमाल नहीं कर रहा हूं।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी जब कर्नाटक में थे, तब बातचीत के दौरान एक स्थानीय युवक ने उनकी स्किन को लेकर ये सवाल किया। वीडियो में राहुल पार्टी कार्यकतार्ओं और स्थानीय लोगों से चर्चा करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान एक महिला ने भी राहुल से कहा, कि टैनिंग तो हुई है। इस बीच एक और आदमी की आवाज सुनाई देती है जो कहता है कि मेरा बेटा भी यही बात कह रहा था सर... और फिर सब लोग हंसने लगते हैं।
वीडियो में राहुल कहते हुए दिखाई दे रहे हैं, कि हम विपक्ष में बैठे हैं। हमारे पास सड़क पर उतरने और सीधे जनता से मिलने के अलावा और कोई चारा नहीं है। केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए राहुल ने कहा, कि एक बार सत्ता पर काबिज़ होते हुए ये सोचते हैं, कि एक बार सत्ता हथिया ली तो सारे हिंदुस्तानी चुप होकर बैठ जाएंगे। अगर ऐसा है, तो ये उनकी ग़लतफहमी है। देश चुप नहीं रहने वाला है, बल्कि सबका लड़कर सामना किया जाएगा।
राहुल गांधी के साथ कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा की आज आंध्र प्रदेश के कुरनूल से शुरूआत हुई। सोमवार को राहुल ने कर्नाटक के बेल्लारी में भारत जोड़ो यात्रा के शिविर में एक कंटेनर में बनाए गए मतदान केंद्र में कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए अपना वोट डाला था। कांग्रेस ने राहुल की बेंगलुरु ग्रामीण सांसद डी. के. सुरेश के साथ कतार में खड़े होने और फिर वोट डालने की तस्वीरें साझा की थी। मालूम हो कि भारत जोड़ो यात्रा के लिए कल 'विश्राम दिवस' घोषित किया गया था।