प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 फरवरी, 2022 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इंदौर, मध्य प्रदेश में गोबर-धन (बायो-सीएनजी) प्लांट का उद्घाटन किया। जानकारी के अनुसार, यह एशिया के सबसे बड़े बायो सीएनजी प्लांट का हिस्सा बनने जा रहा हैं। साथ ही प्लांट के उद्घाटन पर मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, आज हम सब के लिए गर्व का विषय है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आजादी के अमृत महोत्सव के पावन अवसर पर हम विश्व को पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दे रहे हैं।

सीएम ने कहा, आम के आम गुठलियों के दाम की कहावत को यह इंदौर का गोबर धन प्लांट चरितार्थ करता है। एक तरफ कचरे का निस्तारण होगा, तो दूसरी तरफ प्रति वर्ष 2 करोड़ 52 लाख रुपये की अतिरिक्त आय नगर निगम को होगी। पीएम ने पंचामृत का जो मंत्र दिया है, उसके अनुरूप मध्यप्रदेश सोलर एनर्जी, विंड एनर्जी और बायोमास के माध्यम से नवीन पहल कर रहा है। बिजली बचाना भी उत्पादन के बराबर है, हम बिजली साक्षरता अभियान चला रहे हैं। 

सीएम ने कहा, प्रधानमंत्री के संकल्पों को जमीन पर उतारने में मध्यप्रदेश कोई कसर नहीं छोड़ेगा। आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए हम कृत संकल्पित हैं। इस बायो सीएनजी प्लांट में 550 मीट्रिक टन प्रतिदिन गीले कचरे का निपटान किया जाएगा। इसके साथ-साथ गोबर का भी उपयोग किया जाएगा। हम आस-पास के क्षेत्रों से गोबर भी खरीदेंगे। गोबर और कचरा दोनों को धन बनाने का काम यह गोबर-धन प्लांट करेगा। इंदौर अद्भुत शहर है। यह एक मात्रा ऐसा शहर है। जो 6 प्रकार के कचरों को 100 प्रतिशत अलग-अलग करता है। इंदौर में जीरो वेस्ट कॉलोनी,मार्केट, वार्ड बनाए जा रहे हैं। पूरे एमपी में सिंगल यूज प्लास्टिक को पूरी तरह से बैन किया गया है। इसीलिए हम मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।  

LIVE UPDATE :