पांच महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में कम समय में ज्यादा लोगों तक अपनी बात आसानी से पहुंचने लिए सोशल मीडिया को भाजपा ने हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए दक्ष टीम गठित करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में बीजेपी आईटी और सोशल मीडिया विभाग की बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे। 

बैठक में बीजेपी सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल हुए। बताया जाता है कि बैठक में जिला स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक के कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है।

इस बैठक में आईटी और सोशल मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं को प्रेजेंटेशन के जरिए यह बताया जा रहा है कि किस तरह से राज्य और केन्द्र सरकार की योजनाओं को सोशल मीडिया के जरिए पब्लिक तक पहुंचाना है। 

नेताओं का मानना है कि आज 90 फीसदी घरों तक मोबाइल की पहुंच हो गई है। हर घर के युवा सदस्य के पास कम से कम एक स्मार्ट फोन है। ऐसे में सोशल मीडिया के जरिए कंटेंट क्रिएशन कर लोगों तक पार्टी के मैसेज को भेजा जाए।