मध्यप्रदेश के तेज गेंदबाज ईश्वर पांडेय ने इंटरनेशनल और डोमेस्टिक क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। जून में पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतने वाली मध्यप्रदेश टीम का हिस्सा रहे ईश्वर पांडेय ने संन्यास लेने के साथ ही टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर एक कसक भरी बात कही है। 

ईश्वर पांडेय ने सोशल मीडिया पर अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया। हालांकि 33 साल के ईश्वर पांडेय वर्ल्ड रोड सेफ्टी जैसी अन्य लीग खेलते रहेंगे। ईश्वर पांडेय को साल 2014 में न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें डेब्यू करने का मौका नहीं मिल सका था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 6 फीट 2 इंच के ईश्वर ने संन्यास के बाद कहा है कि अगर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उन्हे मौका दे देते तो शायद वे अपने प्रदर्शन से खुद को साबित कर पाते और उनका करियर भी कुछ अलग होता। ईश्वर ने  कहा कि काफी टाइम से IPL भी नहीं खेला है, मुझे ऐसा लगता है कि अब युवाओं को मौका देने संन्यास ले लेना चाहिए और देश के बाहर होने वाली लीग पर ध्यान दूँ।

ईश्वर पांडे ने इंस्टाग्राम पर अपने रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए एक भावुक पोस्ट में लिखा कि आज वो दिन आ गया और भारी मन से मैंने इंटरनेशनल और फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर लिया। मैंने 2007 में इस शानदार यात्रा की शुरुआत की थी और तब से लेकर अब तक मैदान के अंदर और बाहर मैंने हर पल का आनंद लिया है। उन्होंने आगे लिखा कि मुझे इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शामिल किया गया, यह मेरे लिए गर्व की बात थी, लेकिन इस बात का दुःख भी है कि मुझे देश के लिए और खेलने का मौका नहीं मिल सका।

ईश्वर ने घरेलू क्रिकेट में 75 फर्स्ट क्लास, 58 लिस्ट ए और 71 T20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने क्रमश: 263, 63 और 68 विकेट चटकाए हैं। वह आईपीएल में खिताब जीतने वाली महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि वह पिछले तीन सीजन से आईपीएल में नहीं खेल रहे हैं।