MP Election 2023: कर्नाटक में जीत के बाद से ही कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए काफी एक्टिव हो गई है. कर्नाटक में कांग्रेस को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाने वाले डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार अब मध्यप्रदेश दौरे पर आने वाले हैं. ऐसे में उनका यह दौरा कांग्रेस के लिए क्यों ज़रूरी है, आइये जानते हैं.
बता दें कि कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार 10 जून को दो दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश आएंगे. इस दौरान डीके शिवकुमार कई धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे. खबरों के मुताबिक, 10 जून को डीके शिवकुमार बेंगलुरु से ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे.
जहां पर एमपी कांग्रेस के कई सीनियर नेता उनका स्वागत करेंगे. फिर वह ग्वालियर से दतिया पहुंचकर वहां बगलामुखी मंदिर के दर्शन करेंगे. उसके बाद ठीक अगले दिन यानी 11 जून को वे उज्जैन में महाकाल मंदिर के दर्शन करेंगे और भस्म आरती में शामिल होंगे.
कर्नाटक में शानदार जीत के बाद अब कांग्रेस एमपी में भी अपनी जमीन तलाशने में जुट गई है. कर्नाटक में जीत के लिए अपनाई गई रणनीति को अब कांग्रेस मध्यप्रदेश में भी अपना सकती हैं. ऐसे में डीके शिवकुमार के मध्य प्रदेश दौरे को काफी अहम माना जा रहा है.
एमपी दौरे के दौरान डीके शिवकुमार पूर्व सीएम कमलनाथ के साथ मुलाकात भी करेंगे. यह बैठक इसलिए भी ख़ास मानी जा रहीं हैं क्योंकि दोनों नेता मिलकर एमपी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार कर सकते हैं. इस दौरान एमपी के कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है.
कुछ सूत्र तो कर्नाटक की जीत के बाद से ही इस तरफ इशारा कर रहें थे कि कर्नाटक मॉडल की तर्ज पर ही अब मध्य प्रदेश में भी चुनाव लड़ा जायेगा. जो शायद अब सच होता दिखाई दे रहा है क्योंकि चुनावी साल में डीके शिवकुमार दो दिन मध्यप्रदेश में रहने वाले हैं.