MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां काफी जोरों पर हैं. रोज़ाना सियासी हलचल भी काफी तेज होती हुई दिखाई दे रही हैं. एमपी में कांग्रेस से लेकर बीजेपी तक के कई केंद्रीय नेता सरकार बनाने के दावे के साथ पार्टी को मजबूती देने में लगे हुए हैं.

हाल ही में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जबलपुर में 5 गारंटी के ज़रिये कांग्रेस का चुनावी शंखनाथ किया. तो वहीं अब एमपी में अपनी सियासी जमीन तलाशने में जुटी आम आदमी पार्टी भी 25 जून को चुनावी शंखनाद करने जा रहीं हैं.

इन सबके बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ख़ुद 27 जून को एमपी के दौरे पर आ रहे हैं. चुनावी साल होने के कारण यह कयास लगाया जा रहा है कि पीएम मोदी के इस दौरे से बीजेपी को मजबूती मिल सकती हैं. इसके मद्देनजर तैयारियां भी काफी जोरों पर हैं. बीजेपी की तरफ से भव्य तैयारियां की जा रहीं हैं.

भोपाल दौरा पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री-

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष एवं राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ 17 जून यानी आज दोपहर 12:20 बजे नियमित विमान से भोपाल एयरपोर्ट पहुंचे. यहां बीएल संतोष पीएम मोदी के 27 तारीख को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे. जिसके बाद प्रदेश कार्यालय में चुनावी तैयारियों की समीक्षा बैठक लेंगे.

दिल्ली में 'आलाकमान' से मिलेंगे कैलाश विजयवर्गीय-

इन सबके बीच राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष और सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने चुनाव के मद्देनजर मध्य प्रदेश में संभावित फेरबदल को लेकर महासचिव कैलाश विजयवर्गीय से चर्चा की हैं. इस चर्चा के बाद अब ख़बर यह मिल रही हैं कि कैलाश विजयवर्गीय जल्द ही दिल्ली में 'आलाकमान' से मुलाकात करेंगे. यानी की मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले कुछ बड़ा फेरबदल हो सकता हैं.

फ़िलहाल, एक तरफ जहां सर्वे बीजेपी के पक्ष में जाते हुए नहीं दिख रहें हैं. तो वहीं, दूसरी तरफ उन्हीं के कुछ नेताओं ने बीजेपी के खिलाफ ही बगावत शुरू कर दी है. ऐसे में बीजेपी असंतुष्टों को मनाने के लिए कुछ बड़े फेरबदल की तैयारी में हैं. यहीं वजह है कि संगठन खुद जमीनी स्तर पर उतरकर पार्टी को मजबूती देने में लगा हुआ है.