कांग्रेस ने गुरुवार 17 अगस्त को पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पर्यवेक्षक के बाद रणदीप सुरजेवाला को राज्य के प्रभारी महासचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वहीं मुकुल वासनिक को गुजरात के प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने कई राज्यों में पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। इसके अलावा दलित समुदाय से आने वाले बृजलाल खाबरी की जगह अजय राय को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
वरिष्ठ नेता जेपी अग्रवाल की जगह सुरजेवाला को मध्य प्रदेश के प्रभारी महासचिव का प्रभार दिया गया, जबकि राजस्थान कांग्रेस नेता रघु शर्मा के इस्तीफे के बाद वासनिक को प्रभारी महासचिव बनाया गया।
मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सुरजेवाला को जिम्मेदारी सौंपना बेहद जरूरी माना जा रहा है। इसके अलावा अगले साल लोकसभा चुनाव भी है।

उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं। ऐसे में अजय राय की नियुक्ति भी काफी अहम मानी जा रही है। राय 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ यूपी की वाराणसी सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। वे दोनों चुनाव हार गये थे।
बिहार और झारखंड के बाद कांग्रेस ने यूपी में भूमिहार जाति से आने वाले अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह हैं और झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष मिथिलेश ठाकुर हैं। भूमिहार जाति की अधिकतर आबादी इन्हीं तीन राज्यों में रहती है। भूमिहार जाति बीजेपी का वोट बैंक है। ऐसे में कांग्रेस इसमें सेंध लगाने की कोशिश कर रही है।