मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव का कांग्रेस ने सोमवार को शंखनाद कर दिया। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को जबलपुर पहुंची और कई कार्यक्रमों में शिरकत और जनसभा को सम्बोधित कर चुनावी शंखनाद किया। प्रियंका के साथ पीसीसी चीफ कमलनाथ भी थे।

प्रियंका गांधी सबसे पहले जबलपुर के ग्वारीघाट पहुंची, जहां उन्होंने माँ नर्मदा का पूजन किया और आरती की। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, सांसद विवेक तन्खा के अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ मौजूद रहे।

इसके बाद प्रियंका गांधी भंवरताल गार्डन में स्थित महारानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और शहीद स्मारक ग्राउंड में सभा को संबोधित करेंगी।  

प्रियंका के दौरे से पहले कमलनाथ के हनुमान भक्त और सॉफ्ट हिंदुत्व के एजेंडा के तहत जबलपुर में बजरंगबली की गदा का प्रदर्शन चौराहे पर किया गया है। पूरे शहर में हनुमान जी की 30-30 फुट की गदा पूरे शहर में लगाई गई है, जो न्याय की विजय का प्रतीक बताई जा रही हैं। कर्नाटक में मिली जीत के बाद प्रियंका गांधी की सक्रियता को मध्यप्रदेश में भी काफी अहम माना जा रहा है।