मप्र में भाजपा व सरकार आज से पूरी तरह चुनावी एक्शन में नजर आने लगी है। दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक से लौटते ही बुधवार सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मंत्रियों के साथ बैठक की और एक फरवरी की जगह पांच फरवरी को संत रविदास जयंती से विकास यात्रा शुरू करने की जानकारी दी। 

इस बैठक में सभी जिला कलेक्टरों को भी जोड़ा गया। यात्रा सभी जिलों में 25 फरवरी तक यानी तीन सप्ताह चलेगी और इसमें विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया जाएगा। सभी ग्राम पंचायतों में हितग्राही सम्मेलन होंगे। बताया जाता है कि 'मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान' में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लिए जिनका चयन किया गया है, उन्हें लाभांवित किया जाएगा। कुल मिलाकर यह यात्रा पूरी तरह से मप्र की भाजपा सरकार के कामकाज की बांडिंग के लिये होगी।

मुख्यमंत्री ने विकास यात्रा की कार्ययोजन को लेकर मंत्रियों और अधिकारियों के साथ विस्तार से बैठक कर मंत्रियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रारंभ होने से पहले दो दिन क्षेत्रों का दौरा करके अच्छे से तैयारी कर लें। शिवराज ने कहा कि कलेक्टर प्रभारी मंत्रियों के साथ बैठक करके यात्रा का मार्ग तय कर विकास यात्रा की तैयारी शुरू करें।

जिला मुख्यालय और विकासखंड मुख्यालयों में भी इसकी सूची सभी मंत्रियों को उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के माध्यम से जो तिम्रा चिन्हित किए गए हैं, उन्हें स्वीकृति पत्र दिए जाएंगे। ग्राम पंचायत स्तर पर हितग्राहियों के सम्मेलन भी किए जाएंगे।

एकतरफा जीत मिलेगी: नरोत्तम मिश्रा 

मप्र सरकार के प्रवक्ता मिश्रा ने बुधवार को कहा कि इसी साल विधानसभा चुनाव में भाजपा को एकतरफा जीत मिलेगी। मीडिया से बात कर रहे मिश्रा ने चुनावी संभावनाओं के बारे में प्रश्न पूछे जाने पर कहा कि मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत होगी।