मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज एक क्लिक से 49 लाख से अधिक किसानों के खातों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि ट्रांसफर कर रहे है। लेकिन कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस पर शिवराज सरकार कों घेरने का प्रयास किया है, कमलनाथ ने ट्विट करते हुए लिखा कि, मध्यप्रदेश के किसानों को खरीफ-2020 और रबी 2020-21 की फसल बीमा की दावा राशि डेढ़ वर्ष से अधिक समय बाद आज दी जा रही है, जिसका प्रीमियम ख़ुद किसान भी भरते है और शिवराज सरकार आज इसे भी उत्सव के रूप में मना रही है…? जबकि इसे तो शिवराज सरकार को देरी से भुगतान के लिये किसानो से माफी दिवस के रूप में मनाना चाहिये।

जब डेढ़ से 2 वर्ष पुरानी ख़राब फ़सलो की फसल बीमा की राशि आज मिल रही है तो हाल ही में ओलावृष्टि और अतिवर्षा से खराब फसलों की राशि कब मिलेगी, समझा जा सकता है। दावे तो बड़े-बड़े किये गये थे,7 दिन में सर्वे व मुआवज़े की बात की गयी थी।

लेकिन अब तक दो माह के क़रीब हो चुके है, ना कोई राहत, ना कोई मुआवज़ा, अभी तक तो सर्वे का काम भी पूरा नहीं हो पाया है। किसानों को ना कोई राहत, ना मुआवजा, ना फसल बीमा की राशि, ना पूर्व की गेहूं की बोनस की राशि और उसके बावजूद भी सरकार उत्सव मनाने में लगी है..?