भोपाल. मध्यप्रदेश में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में 5 नगर निगम मुरैना, रतलाम, कटनी, देवास और रीवा के नतीजे आज शाम तक आ जाएंगे। पहला रुझान रतलाम से आया जहां डाक मतपत्रों की गिनती में बीजेपी के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने बढ़त बना ली है। पहले राउंड में उन्होंने 1302 वोट की लीड ली है। रीवा में कांग्रेस प्रत्याशी अजय मिश्रा 6 हजार वोट से आगे चल रहे हैं।
यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भाजपा प्रत्याशी प्रबोध व्यास के लिए दो सभा ली थी। देवास में बीजेपी की प्रत्याशी गीता अग्रवाल आगे चल रही हैं। मुरैना में कांग्रेस के प्रत्याशी शारदा सोलंकी आगे हैं। बुधवार को कुल 209 नगरपालिका और नगरपरिषदों की काउंटिंग भी चल रही है.
पहले चरण में 11 नगर निगम के नतीजे 17 जुलाई को आ चुके हैं। इसमें भोपाल, इंदौर, खंडवा, बुरहानपुर, उज्जैन, सागर और सतना में BJP ने जीत हासिल की जबकि कांग्रेस ने जबलपुर, ग्वालियर और छिंदवाड़ा पर कब्जा जमाया। सिंगरौली में आम आदमी पार्टी की रानी अग्रवाल महापौर चुनी गईं हैं।
बाकी बचे 5 निगमों के लिए 44 कैंडिडेट्स मैदान में हैं। मुरैना में 6, रीवा में 13, कटनी में 12, देवास में 6, रतलाम में 7 प्रत्याशी चुनाव लड़े थे। यहां 13 जुलाई को वोटिंग हुई थी।