मध्यप्रदेश में आज शाम से महिलाओं को लाड़ली बहना योजना के तहत 1-1 हजार रुपए उनके बैंक खाते में ट्रांसफर करने की शुरूआत हो रही है। मप्र की भाजपा सरकार ने विस चुनाव के ऐन पहले इस योजना के जरिए बड़ा दांव खेला है। आज शाम से इसी बहन थीम पर प्रेरक गीत बजेंगे, घर-घर दीप जलाए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम जबलपुर में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होगा। वे सिंगल क्लिक से महिलाओं के खाते में हजार रूपए डालने की शुरूआत करेंगे। सरकार हर साल इस पर करीब 14 हजार करोड़ रूपये से ज्यादा खर्च करेगी।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड पर शाम 6 बजे से होगा। प्रदेश में अलग-अलग बाकी जगहों पर भी इसी समय पर कार्यक्रम होंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण गांवों और वार्डों में किया जाएगा। बताया जाता है कि जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड से आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 80 हजार लाड़ली बहनों के खाते में 1000 रुपये भेजेंगे। इसके बाद अगले कुछ घंटों में प्रदेशभर में महिलाओं के खाते में राशि पहुंचना शुरू हो जाएगी। 

वहीं लाड़ली बहना योजना के राज्यस्तरीय आयोजन की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। जबलपुर में करीब 800 बसों का इंतजाम किया गया है। कहीं से भी किसी प्रकार की चूक न हो इसलिए व्यवस्थाओं पर प्रशासन की पैनी नजर है। लाड़ली बहनों को हितलाभ वितरण प्रारंभ किए जाने को लेकर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी है। पिछले अनुभव और मौसम को देखते हुए गैरिसन ग्राउंड पर तीन विशाल डोम बनाए गए हैं, जहां कुर्सियां लगाई जा रही हैं।

भोपाल में तीन लाख महिलाओं के खातों में आएगी पहली किश्त 

जिले की तीन लाख से अधिक लाड़ली बहनाओं के खाते में आने वाले 24 घंटे के भीतर एक-एक हजार रुपये की राशि डाली जाएगी। इसी प्रक्रिया शुरू हो गई है। बताया जाता है कि जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। शाम से यह राशि अंतरण का सिलिसिला शुरू किया जायेगा। सभी जिलों में अफसरों को खास तौर पर इस काम की निगरानी आदि की जिम्मेदारी दी गई है।