भोपाल: प्रदेश में संचालित आयुष्मान योजना में विभिन्न गड़बडिय़ों के बावजूद इसके प्रारंभ से लेकर अब तक करीब साढ़े बारह लाख व्यक्तियों को इस योजना का लाभ मिल चुका है जिस पर करीब 4 हजार करोड़ रुपये व्यय किये गये हैं।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी अधिकृत जानकारी के अनुसार, आयुष्मान योजना में 24 विषय विशेषज्ञताओं के अंतर्गत 1600 से अधिक उपचार पैकेजेस उपलब्ध हैं, अगर गंभीर बीमारियों के उपचार की उपलब्धता की बात करें तो योजनान्तर्गत 2 मार्च तक की स्थिति में प्रदेश में किडनी प्रत्यारोपण के 40, बोन मैरो ट्रांसप्लांट के 20, कैंसर के 60 हजार 925, डायलिसिस के 5 लाख 79 हजार 283, हृदय रोग के 43 हजार 613 तथा बाई पास सहित अन्य हृदय शल्यक्रिया के 11 हजार 908 उपचार प्रदान किये गये हैं।
वर्तमान में इस योजना को संचालित करने के लिये वर्ष 2022-23 में ही भारत सरकार तथा मप्र सरकार द्वारा 1339 करोड़ 33 लाख रुपये उपलब्ध कराये गए हैं, द्वितीय अनुपूरक में प्राप्त राशि 200 करोड़ और विमुक्त किये जाने की कार्यवाही प्रचलन में है। सभी आयुष्मान कार्ड धारियों को योजना अंतर्गत उपचार दिया जा रहा है।
इस योजना के प्रारंभ से आज दिनांक तक लगभग साढ़े बारह लाख हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल चुका है तथा इस पर लगभग 4 हजार करोड़ रूपये की राशि का अनुमोदन दिया गया है। जनवरी 2023 में 57922, फरवरी 2023 में 61175, तथा मार्च 2023 में 19 तारीख तक 41,129, हितग्राहियों का योजनान्तर्गत उपचार किया जा चुका है।