प्रयागराज केस में फ़रार चल रहे अतीक अहमद के बेटे असद का UP STF ने यूपी के झांसी में एनकाउंटर कर दिया है। शूटर गुलाम भी एनकाउंटर में मारा गया है। इन एनकाउंटर पर सामजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। 

मध्यप्रदेश के इंदौर पहुंचे यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उत्तरप्रदेश फेक एनकाउंटर का प्रदेश बन गया है। अधिकारी अपनी कुर्सी बचाने के लिए अपना सब कुछ दाव पर रख कर सरकार के दबाव में ये एनकाउंटर कर रहे हैं। 

इससे पहले अखिलेश ने ट्वीट कर भी एनकाउंटर पर सवाल उठाये थे। उन्होंने लिखा था कि झूठे एनकाउंटर करके भाजपा सरकार सच्चे मुद्दों से ध्यान भटकाना चाह रही है। भाजपाई न्यायालय में विश्वास ही नहीं करते हैं। आजके व हालिया एनकाउंटरों की भी गहन जाँच-पड़ताल हो व दोषियों को छोड़ा न जाए। सही-गलत के फ़ैसलों का अधिकार सत्ता का नहीं होता है। भाजपा भाईचारे के ख़िलाफ़ है। 

गौरतलब है कि अतीक अहमद के बेटे असद को लगभग डेढ़ महीने से यूपी एसटीएफ तलाश रही थी। काफी टाइम से उसका पीछा किया जा रहा था। मुखबिरों की सूचना और एसटीएफ के चौकन्ने रहने के कारण ही यूपी एसटीएफ को गुरुवार को सफलता मिली।

झांसी में दोनों की लोकेशन मिलने पर एनकाउंटर से पहले एसटीएफ ने ये कोशिश की कि दोनो आरोपियों को जिंदा पकड़ जा सके। लेकिन आरोपियों ने पहले पुलिस पर गोली चलाई जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाही करते हुए दोनों को मार गिराया। दोनों के पास से कई सारे आधुनिक हथियार भी बरामद हुए हैं।