मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के जिला पंचायत अध्यक्षों को बड़ी सौगात दी है। सीएम शिवराज ने चुनावी साल में जिला पंचायत अध्यक्षों के भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस ऐलान के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष का वेतन भत्ता 54 हजार से बढ़कर 1 लाख रुपये कर दिया गया है।
सीएम शिवराज ने यह घोषणा जिला पंचायत अध्यक्ष संघ के अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास पहुंचे 44 जिलों के पंचायत अध्यक्षों से चर्चा के दौरान की। अध्यक्षों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे।
वेतन भत्ते के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष अब 26 जनवरी और 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ध्वाजारोहण भी कर सकेंगे। यानी जहां मंत्री ध्वाजारोहण नहीं करेंगे वहां जिलाध्यक्ष को ये अधिकार मिलेगा।
सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया ने बताया कि आज मध्यप्रदेश के जिला पंचायत अध्यक्ष सीएम हाउस पहुंचे थे। यहां उन्होंने शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और अपनी 12 मांगों को लेकर चर्चा भी की है। इस दौरान जिलाध्यक्षों ने 1994 के पंचायती राज अधिनियम को लागू करने की भी मांग की। चौहान ने संघ की अन्य मांगों पर विचार के लिए समिति बनाने को कहा है, इसकी रिपोर्ट के आधार पर इन्हे लागू किया जाएगा।