आईपीएल 2023 का 35वां मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमों के बीच मुकाबला इसलिए भी खास है, क्योंकि कभी गुजरात के कप्तान मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। पिछली बार जब भिड़ंत हुई थी तो हार्दिक पंड्या की टीम रोहित पर भारी पड़ी थी। इस बार हिटमैन की टीम पिछली हार का बदला लेना चाहेगी तो टीम में एक और खिलाड़ी है, जिसे खुद को साबित करना है और आईपीएल ऑक्शन में मजाक बनाए जाने का बदला लेना है।

यह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि अर्जुन तेंदुलकर हैं। दरअसल, आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रुपये में टीम से जोड़ा था। ऑक्शन की प्रक्रिया के दौरान कुछ ऐसा हुआ था, जिसकी शायद ही किसी को उम्मीद रही होगी। जब अर्जुन का नाम सामने आया तो हर कोई जानता था कि कुछ भी हो जाए मुंबई इंडियंस उन्हें नहीं छोड़ेगी।

यहां हैरान करने वाली घटना यह घटी कि गुजरात टाइटंस भी बोली में कूद गया। यह हेड कोच आशीष नेहरा की वजह से हुआ। यहां टीम की मंशा अर्जुन पर बोली लगाने से कहीं अधिक चकल्लस की थी। नेहरा के चेहरे पर कुटिल मुस्कान देखी जा सकती थी। इस पर पूरा ऑक्शन हाल ठहाकों से गूंज गया था।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर अर्जुन को लेकर मीम्स भी बने। अब जब अर्जुन गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहली बार खेलने उतरेंगे तो वह खुद को साबित करना चाहेंगे कि सिर्फ पिता की वजह से उन्हें मुंबई ने टीम में शामिल नहीं किया था, बल्कि उनके अंदर टैलेंट है। वह अपने दम पर अपना मुकाम पा सकते हैं। यह भी कि वह पिछले मैच में निराशाजनक प्रदर्शन से उबरना जानते हैं। अर्जुन का यह सिर्फ चौथा मुकाबला होगा। उनके नाम दो विकेट हैं।