भोपाल: प्रदेश में सेना एवं पैरामिलिट्री की कैंटीनों को प्रदाय मदिरा की अब आबकारी विभाग ऑनलाईन निगरानी करेगा। इसके लिये उसने अपने ई-आबकारी पोर्टल पर सीएसडी/पैरामिलिट्री मॉड्यूल लाईव कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि आबकारी विभाग सेना एवं पैरामिलिट्री की कैंटीनों को तीन प्रकार के लायसेंस नि:शुल्क जारी करता है। इसमें एफएल-6 यानि मिलिट्री कैंटीन व्होलसेल लायसेंस, एफएल-7 यानि मिलिट्री कैंटीन रिटेल लायसेंस तथा एफएल-8 यानि मिलिट्री क्लब लायसेंस शामिल हैं। पोर्टल पर लाईव किये गये मॉड्यूल में व्होलसेल कैंटीन से रिटेल कैंटीन को प्रदाय मदिरा की एनओसी जारी होगी जबकि प्रदेश की विनिर्माण इकाईयों से व्होलसेल कैंटीन को प्रदाय मदिरा की जानकारी दर्ज होगी एवं प्रदेश के बाहर स्थित विनिर्माण इकाईयों से व्होलसेल कैंटीन को प्रदाय मदिरा की जानकारी दर्ज होगी।

उक्त तीनों लायसेंस को लेने वाले सैन्य/अर्ध सैन्य अधिकारी को एनओसी हेतु निर्धारित ड्यूटी/फीस का भुगतान पोर्टल पर स्वयं की आईडी के ई-वालेट में पांच हेड में करना होगा। ये हेड हैं : एक्साईज ड्यूटी स्पिरिट, एक्साईज ड्यूटी बीयर, बोतल शुल्क, परिवहन शुल्क एवं आयात शुल्क। अब सीधे सायबर ट्रेजरी के माध्यम से जमा किये गये चालान ई-आबकारी पोर्टल पर मान्य नहीं होंगे। एनओसी, जिला आबकारी अधिकारी पोर्टल के माध्यम से डिजिटल सिग्नेचर से जारी करेंगे। उक्त नवीन व्यवस्था से अब आबकारी विभाग सेना एवं पैरामिलिट्री की कैंटीनों एवं क्लबों को प्रदाय मदिरा की ऑनलाइन निगरानी भी कर सकेगा।