प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को भोपाल के दौरे पर आने वाले हैं। अब इसे लेकर कांग्रेसी खेमे में उथल-पुथल शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर कांग्रेस की असहजता पार्टी नेताओं के बयानों में भी नज़र आ रही है।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने पीएम मोदी के दौरे को लेकर एक अभद्र टिप्पणी की है। कांग्रेस नेता का कहना है, कि मोदी जी भी आ जाएं उनके ऊपर जो कोई भी हो वो भी आ जाएं। नड्डा जी भी आ जाएं। मोदी जी के पिताजी भी आ जाएं उनसे भी हमें कोई आपत्ति नहीं है लेकिन मध्यप्रदेश में कांग्रेस की बदलाव की बयार है, जो हमें दिखाई देती है।
कांग्रेस नेता अरुण यादव की इस टिप्पणी को लेकर अब BJP नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। पीएम मोदी के अपमान और मध्य प्रदेश दौरे पर की अपमानजनक टिप्पणी पर BJP ने आक्रामक तेवर दिखाने शुरु कर दिए हैं।
BJP के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इस पर ट्वीट करते हुए लिखा - इतनी ओछी राजनीति और शब्दावली...यह अपमान किसी एक व्यक्ति या एक नेता का नहीं बल्कि देश के प्रधानमंत्री का है। अरुण यादव जी, आपके इन कुसंस्कारों पर निश्चित ही श्रद्धेय स्वर्गीय सुभाष यादव जी आज शर्मसार होंगे। कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस बदजुबानी के लिए माफी मांगे।
गौरतलब है कि पीएम मोदी 27 जून को भोपाल आ रहे हैं। इस दौरान वे देशभर के 10 लाख बूथों पर डिजिटल रैली के माध्यम से संबोधित करेंगे। इस दौरान देशभर के चयनित ढाई हजार लोगों को पीएम मोदी सीधा संबोधित करेंगे। वही इस डिजिटल रैली का प्रसारण देश के 10 लाख बूथों पर किया जाएगा। इसमे एमपी के 65 हजार 100 बूथ भी शामिल रहेंगे।