भोपाल के गौरव दिवस यानी 1 जून को अब स्थानीय अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा भोपाल के गौरव दिवस के अवसर पर विलीनीकरण आंदोलन के स्मारक 'भोपाल गेट' पर ध्वजारोहण करते हुए की।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इससे पहले स्वच्छता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों का सम्मान भी किया। इस मौके पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और महापौर मालती राय, पूर्व महापौर आलोक शर्मा समेत बड़ी संख्या में भोपालवासी मौजूद रहे।

वहीं भोपाल गौरव दिवस समारोह का मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शाम 6 बजे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ शुभारंभ होगा। मुख्य आकर्षण बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर श्रेया घोषाल, गीतकार मनोज मुतंशिर, कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक और सुदेश लहरी की प्रस्तुति होगी। पहली बार लेजर-शो से भोपाल के मनोरम दृश्यों और विलीनीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों का प्रदर्शन किया जायेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने बुधवार को सुबह भोपाल गौरव दिवस दौड़ का शुभारंभ फ्लैग ऑफ करके किया था। इस तरह से झीलों की नगरी भोपाल में 4 जून तक चलने वाले गौरव दिवस कार्यक्रमों की श्रंखला शुरू हो गई है। समारोह में कला, संस्कृति, फूड स्टॉल और खेलों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे।