विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में नगरीय निकाय उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर दिखाई दी है। 13 स्थानों पर पार्षदों के लिए कराए गए उपचुनाव में भाजपा के सात और कांग्रेस के छह पार्षद जीत हासिल करने में सफल रहे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी चुनाव परिणामों के मुताबिक सागर जिले के बिलहरा और बांदरी, मुरैना के जौरा, सतना के कोटर, छिंदवाड़ा नगर निगम, शहडोल के बुढ़ार, नीमच के रतनगढ़ नगरीय निकाय में हुए पार्षद पद के चुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज़ की है।
वहीं बुरहानपुर के शाहपुर, देवास के सतवास, मंदसौर नगरपालिका, धार के सरदारपुर, छिंदवाड़ा के डोंगर परासिया, सतना नगर निगम में हुए पार्षद पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को जीत मिली है।
छिंदवाड़ा नगर निगम में पार्षद पद पर मिली जीत पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि यह बीजेपी सरकार की हितग्राही मूलक योजनाओं से मिलने वाले लाभ और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के कांग्रेस हराओ अभियान का परिणाम है।
वहीं उपचुनाव में 13 में से छह पार्षद जिताने में सफल रही कांग्रेस इसे बीजेपी के प्रति विरोध का परिणाम बता रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में जीत की राह बनने की उम्मीद देख रही है।