भाजपा आज मप्र में अपने अगले कुछ महीनों के कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने बैठी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी सुबह यहां पहुंचे, अब वे मंडला में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के बाद शाम को फिर बैठक में पहुंच जाएंगे।

सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों पार्टी कोर ग्रुप की बैठक में प्रभारियों की फीडबैक रिपोर्ट के बाद से पार्टी के भीतर खलबली है तथा रूठे नेताओं को मनाने का दौर इसीलिए चल रहा है ताकि चुनाव परिणाम पर प्रतिकूल असर पड़ने से रोका जाए। भाजपा ने अपने कमजोर विधानसभा क्षेत्रों को चिन्हित कर लिया है। इन्हीं मामलों पर पार्टी मंथन कर रही है। यह बैठक रात तक चलने के आसार हैं।

बैठकों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन महामंत्री हितनंद शर्मा समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। सबसे पहले प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक शुरू हुई है। इसके बाद शाम को केंद्रीय मंत्रियों, पार्टी के सभी विधायकों और सांसदों की बैठक आयोजित होगी।

प्रदेश कार्यालय में दिन भर चलने वाली बैठक में चुनाव के पूर्व बूथ प्रबंधन, आगामी 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम 'मन की बात' के 100वें एपिसोड समेत आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मंथन होगा।