विधानसभा चुनाव के एन पहले मध्यप्रदेश में ब्राह्मण समाज के 4 जून को भोपाल में बड़े जमावड़े पर सियासी दलों की निगाहें भी हैं। हालांकि, समाज इस महाकुंभ को गैर राजनीतिक बताया है। दरअसल यह जमावड़ा आंदोलन की शक्ल में होगा। शहर के जंबूरी मैदान में होने वाले ब्राह्मण महाकुंभ में प्रदेशभर से 5 लाख समाजजनों के जुटने का दावा किया जा रहा है और इसकी तैयारी तीन महीने से जारी है। इसमें ब्राह्मण आयोग के गठन की प्रमुख मांग हैं। ब्राह्मण समाज मध्यप्रदेश के संरक्षक डॉ. जयप्रकाश पालीवाल कहते है कि जंबूरी मैदान में सुबह शारदा पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज के मुख्य आतिथ्य में यह महाकुंभ होगा।

मुख्यमंत्री को भी दिया निमंत्रण 

ब्राह्मण समाज मप्र के अध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा (काका) एवं मुख्य प्रवक्ता चंद्रशेखर तिवारी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी निमंत्रण दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा, मंत्री गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा आदि को भी आमंत्रित किया है। लेकिन संगठन लगातार दावा कर रहा है। कि यह आयोजन न तो बीजेपी के विरोध में है और न ही कांग्रेस के समर्थन में तिवारी के मुताबिक यह हुंकार है।

मांगे हैं महत्वपूर्ण व बरसों पुरानी 

दरअसल समाज चाहता है कि अब मप्र में ब्राह्मण आयोग का भी संवैधानिक गठन हो। और यह भी महज घोषणा तक ही सीमित न रहे। इसमें किसी भी राजनीतिक व्यक्ति को अध्यक्ष न बनाए जाए। सामाजिक काम करने वालों को ही अध्यक्ष बनाया जाए। इसके अलावा एट्रोसिटी एक्ट के तहत बिना जांच के प्रथम सूचना रिपोर्ट नहीं लिखी जाए और न ही गिरफ्तारी की जाए। कोर्ट में जमानत के समय फरियादी की उपस्थिति की अनिवार्यता की जाए। इस एक्ट को समाप्त किया जाए।