स्टेशन बजरिया थाना क्षेत्र स्थित चांदबड़ में बीटेक की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह एग्जाम देने के लिए बिहार से भोपाल आई थी और अपनी सहेली के रूम पर रुकी हुई थी। उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेज दिया है। बिहार से छात्रा का भाई भोपाल के लिए निकल गया है। गुरुवार को भाई की मौजूदगी में उसका पीएम कराया जाएगा।

एएसआई कुंज बिहारी ने बताया कि स्मृति किरण पिता अनिरूद्ध मंडल (20) मूलतः बिहार की रहने वाली है और रातीबड़ के निजी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। पटना में पढ़ाई के दौरान उसकी दोस्ती बीस साल की रिचा सिंह से हुई थी।

रिचा सिंह भी बिहार की रहने वाली है और राधारमण कॉलेज में मेकेनिकल ब्रांच से बीटेक की पढ़ाई कर रही है। उसके बीटेक सेकंड ईयर के पेपर थे। उसने समृति किरण से संपर्क कर कहा था कि उसे पेपर देना है और रुकने की कोई व्यवस्था नहीं है। स्मृति किरण ने उसे अपने रूम पर पेपर देने के लिए बुला लिया।

गत 4 जून को वह भोपाल पहुंच गई थी और स्मृति किरण के सौरभ कॉलोनी, चांदवड़ स्थित किराए के मकान में उसके साथ रह रही थी। स्मृति किरण ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह वह कॉलेज गई थी। वहां से दोपहर करीब साढ़े तीन बजे रूम लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद था।