मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज रात 9 बजे दिल्ली रवाना हो रहे हैं। वह अगले दो दिन दिल्ली में ही रहेंगे। राजनीतिक सरगर्मियों के बीच सीएम के दिल्ली दौरे में कुछ केंद्रीय नेताओं से मुलाकातें भी हैं। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही सत्ता संगठन के मामले में समन्वय के लिए भोपाल में देर रात बड़ी बैठक हुई थी, जिसके लिए दिल्ली से नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल व कैलाश विजयवर्गीय को भेजा गया था।
माना जा रहा है कि जून महीने में मप्र में बड़े निर्णय होने वाले हैं। इनमें शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार समेत संगठन से जुड़े विषय भी आकार लेंगे। माना जा रहा है कि दिल्ली में दो दिन के इस प्रवास के दौरान सीएम शिवराज पार्टी वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी में मची अंदरूनी खींचतान को लेकर चर्चा कर सकते हैं।
हालांकि आधिकारिक तौर पर कहा गया है कि मुख्यमंत्री कल यानी 27 मई को वह नीति आयोग द्वारा आयोजित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की गवर्निंग काउंसिल बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में वह राज्य सरकार की विकास योजनाओं और उपलबधियों के बारे में चर्चा करेंगे। नीति आयोग की इस बैठक में पीएम मोदी भी मौजूद रहेंगे। सीएम 28 मई को प्रातः नए संसद भवन के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जा रहे उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। रविवार देर शाम सीएम शिवराज का भोपाल वापस लौटने का कार्यक्रम है।