मप्र से अखिल भारतीय सेवाओं के लिये चयनित युवाओं तथा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले छात्रों से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मुखातिब हुए। रविंद्र भवन का इंद्र-ध्वनि सभागार युवाओं के उल्लास से गूंजता रहा। सरकार की ओर से इनका सम्मान भी किया गया।
इस मौके पर CM शिवराज ने एलान किया कि मध्यप्रदेश में इस साल 12वीं कक्षा में 75% से अधिक नंबर लाने वाले 78 हजार से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिए जाएंगे, साथ ही हर हायर सेकेंडरी स्कूल में टॉपर बेटी के साथ ही अब बेटों को भी ई-स्कूटी दी जाएगी।
सिविल सेवा परीक्षा में मप्र के 38 युवाओं के सफलता हासिल की है। इनमें अनुष्का शर्मा, शिवम यादव और गुंजिता अग्रवाल को क्रमश बीस, इक्कीस व छब्बीसवीं रेंक मिली है। जबकि बोर्ड परीक्षाओं में 436 छात्र छात्रा प्रावीण्य सूची में हैं। मुख्यमंत्री ने सभी को शुभकामना दीं और उम्मीद की कि वे देश के बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान देंगे।
मोदी के 9 साल, शिवराज ने दी बधाई
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के नौ वर्ष पूर्ण होने पर देशवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आज कहा कि नौ साल की ये सेवा यात्रा जनाकांक्षाओं की पूर्ति की यात्रा है।
चौहान ने अपने ट्वीट में कहा कि अपनी अद्वितीय कर्मनिष्ठा, अटल ध्येयनिष्ठा एवं नेतृत्व क्षमता से देश को परम वैभव के शिखर पर स्थापित कर नए भारत को आकार देने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल के 9 वर्ष पूर्ण होने पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। नौ साल की ये सेवा यात्रा सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना की यात्रा है, जनकल्याण एवं अंत्योदय की यात्रा है।