मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह वीआईपी रोडपर राजा भोज की प्रतिमा से भोपाल गौरव दौड़ झंडी दिखाकर रवाना की। इस दौड़ में भोपाल के नागरिक विशेषकर युवाओं द्वारा उत्साह से हिस्सा लिया गया। राजा भोज प्रतिमा से भोपाल बोट क्लब तक लगभग 3 किलोमीटर भोपाल गौरव दौड़ में असंख्य नागरिक शामिल हुए। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल की महापौर मालती राय, पूर्व महापौर आलोक शर्मा भी मौजूद रहे।

भोपाल को बनाएं नम्बर वन : मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल को स्वच्छतम राजधानी का दर्जा मिल चुका है। अब भोपाल को भारत का स्वच्छतम शहर बनाना है। क्लीन शहर और ग्रीन शहर हो हमारा भोपाल, यह हम सभी का संकल्प होना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को कुछ नेक काम अपनाने होंगे। कम से कम एक कार्य करने का दायित्व जरूर लें। इनमें स्वच्छता, पौधा लगाना, बेटियों को पढ़ाना, ऊर्जा का संरक्षण, बिजली की बचत आदि शामिल हैं। 

सलकनपुर में देवी लोक महोत्सव में पहुंचे शिवराज

सलकनपुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज प्रसिद्ध देवी मंदिर सलकनपुर में देवी लोक महोत्सव में शामिल होने पहुंचे है। वे मां बिजासन के धाम में बन रहे भव्य देवी लोक का भूमि-पूजन करेंगे । ये देवी लोक 211.37 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार होगा। इसके तहत 17 मई से शुरू हुई मां की पादुका यात्रा 28 मई तक गांव-गांव पहुंची। 'मेरे घर की मिट्टी माँ के चरणों में अर्पित करने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रत्येक घर से ईट / शिला का संकलन किया गया। देवी लोक निर्माण के लिए अन्य शक्तिपीठों से भी मिट्टी लाई गई।

 देवी लोक के लिए पहाड़ी के ऊपर मणिद्वीप की अवधारणा के आधार पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। मणिद्वीप, आदिशक्ति का निवास माना जाता है। देवी लोक में मणिद्वीप के अंतर्गत चौसठ योगिनी प्लाजा, फाउंटेन प्लाजा, पर्यटक सुविधा केंद्र विकसित किया जा रहा है। देवी लोक में 64 योगिनी और माता के 9 स्वरूपों की प्रतिमाएं स्थापित होंगी।