स्वस्थ जीवन और परस्पर स्वस्थ संबंधों के लिए खेलों का बहुत महत्व है। खेल हमारे जीवन का अद्भुत और अभिन्न अंग है। जीवन की सभी गतिविधियों में खेल-भावना आवश्यक है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने भोपाल के ओल्ड कैम्पियन क्रिकेट मैदान में 28वीं आईईएस डिजियाना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2023 के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
भोपाल के खेल पत्रकार संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलास सारंग, मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ और भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों सहित राजधानी के वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बल्लेबाजी कर टूर्नांमेंट का शुभारंभ किया। बॉलिंग, डिजियाना ग्रुप के चेयरमेन तेजेन्दर सिंह घुम्मन ने की। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज ने आईईएस ग्रुप की स्मारिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि कोविड के प्रकोप से गत वर्षों में यहाँ टूर्नामेंट नहीं हो पाया था। वर्ष 2023 की शुरूआत इस टूर्नामेंट के साथ हो रही है। साथ ही हमारा सौभाग्य है कि इस वर्ष प्रदेश में खेल इण्डिया यूथ गेम का भी आयोजन हो रहा है। पत्रकारों द्वारा अपने कठिन और संघर्षपूर्ण जीवन के बीच खेलों के लिए समय निकालना उनकी सकरात्मकता का प्रतीक है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने अंडर-19 आयु वर्ग में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाले और मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिलाष खाण्डेकर का सम्मान भी किया। टूर्नामेंट का शुभारम्भ इंदौर पत्रकार इलेवन और भोपाल पत्रकार इलेवन के बीच मुकाबले से हुई। भोपाल की कप्तानी वरिष्ठ पत्रकार मृगेंद्र सिंह ने की और इंदौर इलेवन की कमान कपिश दुबे ने संभाली।
टूर्नामेंट चार ग्रुप में खेला जा रहा है। इसमें मीडिया के एलीट और प्लेट ग्रुप के अलावा कारपोरेट और डिपार्टमेंटल टीमें शामिल होंगी। विजेता टीम को 1 लाख और उपविजेता को 50 हज़ार की रकम दी जाएगी। हर दिन 2 मैच खेले जाएंगे। 28 जनवरी को फाइनल खेला जाएगा।