भोपाल: कुछ ही दिन पहले सरपंचों का मानदेय बढ़ाने के ऐलान के बाद अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नगर पालिका व निगमों के महापौर, अध्यक्ष और पार्षदों को मानदेय में वृद्धि का तोहफा दे रहे हैं। यहां मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित नगरीय निकायों के निर्वाचन प्रतिनिधियों के पहले राज्य स्तरीय सम्मेलन में इसकी घोषणा की संभावना से शहर सरकार के सभी प्रतिनिधि खुश हैं।

सम्मेलन में शिवराज सिंह चौहान ट्रेनिंग देते हुए कहा कि अहंकार मत रखना, विनम्र रहना, जरा भी अहंकार आया तो जनता की नजरों से उतरना शुरू हो जाएंगे। जनता सब समझती है। बिना कागज को देखे साइन मत करना । नियम देख लें, ये मूलमंत्र है। उन्होंने कहा नेता वो होता है जो हताश और निराश नहीं होता।

बताया जाता है कि नगरीय विकास विभाग ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले नगरीय निकायों में महापौर का मानदेय 20 हजार रुपये प्रतिमाह और पांच हजार रुपये भत्ता, अध्यक्ष का मानदेय 15 हजार रुपये प्रतिमाह और चार हजार रुपये भत्ता, पार्षद का मानदेय 10 हजार रुपये करना प्रस्तावित किया है। इसमें दस लाख से कम आबादी वाले नगर निगम के महापौर का मानदेय 15 हजार और अध्यक्षों का 12 हजार रुपये होगा। इसी तरह पार्षदों को छह हजार की जगह आठ हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।