मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मंत्रालय सभा कक्ष में मंत्रि-परिषद की बैठक प्रारंभ होने से पहले मंत्रि-परिषद के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में जनकल्याण का महायज्ञ चल रहा है। प्रदेश के साढ़े आठ करोड़ नागरिकों के कल्याण के लिए सरकार संकल्पित है। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के 10 जून के कार्यक्रम और किसान कल्याण के 13 जून के कार्यक्रम सफल हुए। यह सप्ताह इस द्ष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा ।
मंत्रि-परिषद के सदस्यों और प्रशासनिक टीम को इन कार्यक्रमों और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए बधाई देते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना पहली बार किसी योजना के त्वरित क्रियान्वयन का यह अनोखा उदाहरण है। नर्मदा जयंती 28 जनवरी को योजना प्रारंभ करने की घोषणा,5 मार्च को योजना के शुभारंभ,इसके पश्चात पात्र बहनों के आवेदन-पत्र प्राप्त करने,ई-केवायसी की औपचारिकता पूर्ण कर बैंक खाते में राशि अंतरित करने की संपूर्ण प्रक्रिया निर्धारित तरीके से पूरी की गई। तय समय सीमा में कार्य पूर्ण किये गये। यह किसी भी योजना के प्रारंभ होने और बहुत कम समय में अमल की द्ष्टि से अपने आप में एक रिकार्ड है।
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के क्रियान्वयन के लिये अधिकारियों और कर्मचारियों ने निरंतर परिश्रम किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कल्याणकारी योजनाएं नागरिकों का जीवन बदलने का कार्य करेंगी। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का लाभ लेने वाली बहने आनंदित हैं। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना सामाजिक परिवर्तन की वाहक बनेगी।