गढ़कुंडार महोत्सव में भाग लेने निवाड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर एक्नेशन मोड़ में नज़र आये। सीएम शिवराज ने निवाड़ी कलेक्टर तरुण भटनागर व ओरछा तहसीलदार संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। दोनों अफसरों को हटाने के बाद मुख्यमंत्री ने गढ़कुंडार महोत्सव कार्यक्रम में शिरकत की और लोगों को संबोधित भी किया।
निवाड़ी में आज से गढ़कुंडार महोत्सव शुरू हुआ है। इसका शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह हैलीकाप्टर से गढ़कुंडार पहुंचे। उन्हें हेलीपैड व महोत्सव स्थल पर कई अव्यवस्थाएं मिलीं। साथ ही निवाड़ी कलेक्टर तरुण भटनागर व ओरछा तहसीलदार की शिकायतें मिलीं। जिसके बाद सीएम ने कलेक्टर तरुण भटनागर व ओरछा तहसीलदार संदीप शर्मा को हटाने के आदेश दे दिए।
मंच से भी सीएम शिवराज ने कलेक्टर व तहसीलदार को हटाने की बात कही। उन्होंने कहा कि निवाड़ी जिले के कलेक्टर ने अपने कर्तव्यों का ठीक से निर्वहन नहीं किया और लगातार उनके संबंध में कई तरह की शिकायतें मुझे मिली हैं, इसलिए मैं तत्काल प्रभाव से कलेक्टर को हटाता हूं।
मुख्यमंत्री ने यह ऐलान भी किया कि महाराजा खेतसिंह जी की जयंती के दिन खंगार समाज के शासकीय कर्मचारियों को ऐच्छिक अवकाश प्रदान किया जायेगा, ताकि वे समारोह में भाग ले सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि पगड़ी से बड़ा कोई दूसरा सम्मान नहीं है। मैं खंगार समाज को विश्वास दिलाता हूँ कि इस पगड़ी का मान, आपका सम्मान और खंगार समाज की शान कभी जाने नहीं दूँगा। यह गढ़कुण्डार महोत्सव लगातार जारी रहेगा।
बताया जाता कि निवाड़ी भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश अयाची की शिकायत पर सीएम ने कलेक्टर तरुण भटनागर व ओरछा तहसीलदार संदीप शर्मा को हटाया। जमीनों के फर्जी पट्टे व आदिवासी जमीनों को हड़पने की शिकायत दोनों अफसरों की हुई थी पूर्व में भी ईओडब्ल्यू ग्वालियर कर चुकी है आईएएस तरुण भटनागर की जांच कर चुकी है और उन पर मामला भी चल रहा है।
बताया जा रहा है कि गढ़कुंडार में मोबाइल नेटवर्क आदि की समस्या है। ऐसे में मुख्यमंत्री के साथ गई टीम कार्यक्रम का लाइव प्रसारण नहीं कर पा रही थी और इंटरनेट मीडिया पर भी कार्यक्रम नहीं चल रहा था। नेटवर्क की व्यवस्था करना कलेक्टर सहित जिला प्रशासन का काम होता है। चूंकि यह क्षेत्र यूपी सीमा के पास है।ऐसे में यहां अधिक समस्या है। लेकिन प्रशासन व्यवस्था नहीं कर पाया। इस बात से मुख्यमंत्री नाराज हो गए। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी शिकायत कर दी। इसके बाद सीएम ने तुरंत दोनों अफसरों को हटाने के आदेश दे दिए।