मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के जम्बूरी मैदान में आयोजित ब्राह्मण महाकुंभ के दौरान कई कई घोषणाएं की हैं। ब्राह्मण महाकुंभ में CM शिवराज ने भगवान परशुराम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की, साथ ही मंदिरों के पुजारियों के लिए मानदेय और संस्कृत विद्यालय में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देने का एलान किया।

महाकुम्भ में उन्होंने कहा है कि प्रदेश में इंदौर के निकट, भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव को अध्यात्म और पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। जानापाव एक दिव्य और भव्य केन्द्र के रूप में उभर कर आएगा। सीएम ने इस मौके पर भगवान परशुराम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री चौहान ने जंबूरी मैदान पर भोपाल में ब्राह्मण महाकुंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मंदिरों की भूमि को कलेक्टर द्वारा एक वर्ष के लिए नीलाम करने के पूर्व के प्रावधान में परिवर्तन कर यह अधिकार पुजारी को दिया गया है। साथ ही मंदिर में पूजा, आराधना और आरती जैसे कार्यों के लिए पुजारी को सहयोग देना आवश्यक है। बिना कृषि भूमि क्षेत्र के मंदिरों के लिए 5 हजार रूपए की मासिक राशि प्रदान करने के साथ ही मंदिरों का सर्वे करवाने का कार्य किया जाएगा।

ब्राह्मण समाज के मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षा सुविधा दी जाएगी। ब्राह्मण समाज के लिए भोपाल में उपलब्धता के आधार पर भूमि का प्रबंध किया जाएगा, जिससे शिक्षण व्यवस्थाओं और सामाजिक कार्यों के लिए व्यवस्थाएँ करने में आसानी हो। पृथक आयोग या बोर्ड गठित करने के सुझाव पर भी समाज के प्रमुख व्यक्तियों से चर्चा और विचार-विमर्श के बाद आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।