शिवराज सरकार ने अनुकंपा नियुक्तियों को लेकर बड़ा निर्णय किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में दिवंगत कर्मचारियों की बेटी को भी अनुकंपा को हरी झंडी दी गई।
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने केबिनेट में हुए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। जिनमें सरकारी नौकरियों में अनुकंपा नियुक्ति में संशोधन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। अनुकंपा नियुक्तियों में विवाहित बेटियों को भी नियुक्ति में अधिकार देने के निर्णय पर कैबिनेट ने मोहर लगाई। अब तक अनुकंपा नियुक्तियों में सिर्फ बेटों को ही नियुक्ति का प्रावधान था। कैबिनेट बैठक में अतिक्रमण से मुक्त सरकारी जमीन को गरीबों को प्लाट या मकान बनाकर देने के सम्बंध में भी फैसला किया गया।
प्रदेश के बेगा, सहरिया, और भारिया जनजाति के लोगों को दुधारू पशु 90 फीसदी अनुदान राशि पर देने का भी निर्णय हुआ। साथ ही बैठक में ये भी कहा गया कि दुधारू पशुओं के प्रोडक्ट को मार्किट लिंक किया जाएगा, एक परिवार में एक व्यक्ति को 2 पशु दिए जाएंगे।
स्टेट डेटा सेंटर में डिजास्टर मैनेजमेंट की उच्च तकनीक विकास को लेकर उन्नयन के लिए 161 करोड़ रु मंजूर किये गए। कैबिनेट ने पंप हाइड्रो स्टोरेज योजना के क्रियान्वयन नीति को मंजूरी दी है। मप्र नर्सेज़ रजिस्ट्रेशन कॉउन्सिल के लिए 37 पदों को सृजित करने का निर्णय लिया गया है। नर्सिंग कॉलेजों का रजिस्ट्रेशन समय से हो सके इसके लिए लंबे समय से उठ रही मांग को देखते हुए ये निर्णय लिया गया है। बताया जा रहा है, कि सृजित पदों का आर्थिक भार काउंसिल ही उठाएगी।