मध्य प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य के लाखों कर्मचारियों को अगस्त में केंद्र के समान 42 फीसदी महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। डीए की नई दरें जनवरी 2023 से लागू होंगी, ऐसे में एरियर भी मिलेगा। इसकी घोषणा खुद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को की है।

इस संबंध में जल्द ही आदेश जारी किया जाएगा। इससे राज्य के 7.50 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा। महंगाई भत्ते का बकाया जनवरी से जून तक 3 बराबर किस्तों में मिलेगा। जुलाई के वेतन में 42% महंगाई भत्ता जोड़ा जाएगा, जिसका भुगतान अगस्त से किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि छठा वेतनमान में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता आनुपातिक रूप से बढ़ाया जाएगा।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने कर्मचारियों के हित में कई क्रांतिकारी फैसले लिए हैं। छठा वेतनमान पाने वाले सभी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता भी आनुपातिक रूप से बढ़ाया जाएगा। हमने यह भी निर्णय लिया है कि 1 जुलाई 2023 तक 35 वर्ष की सेवा पूरी करने वालों को भी चौथा वेतनमान दिया जाएगा। हमारी सरकार सदैव कर्मचारी हितैषी सरकार रही है। हमने कर्मचारियों के हित में कई क्रांतिकारी निर्णय लिये हैं। हाल ही में मैंने घोषणा की थी कि हम राज्य कर्मचारियों को केंद्र सरकार के बराबर महंगाई भत्ता देंगे। हम जनवरी माह से ही 42 फीसदी महंगाई भत्ता देंगे। छठा वेतनमान लेने वाले कर्मचारियों की सैलरी में भी इतनी ही बढ़ोतरी की जाएगी।

गौरतलब है कि केंद्र की तर्ज पर सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता साल में दो बार जनवरी और जुलाई में बढ़ाया जाता है। यह बढ़ोतरी केंद्र के साथ-साथ अन्य राज्यों ने भी की है और अब मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने भी डीए में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। राज्य के 7.50 लाख कर्मचारियों का डीए भी 4 फीसदी बढ़ जाएगा, जिसके बाद राज्य कर्मचारियों का डीए केंद्र के बराबर 42 फीसदी हो जाएगा। इससे कर्मचारियों की सैलरी में 10000 तक का इजाफा देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है, कि इससे सरकारी खजाने पर करीब 160 करोड़ का अतिरिक्त बोझ पड़ने का अनुमान है।