कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की कार गुरुवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक दोपहिया वाहन से टकरा गई थी। इस टक्कर में घायल बाइक सवार की हालत में अब सुधार है। दिग्विजय सिंह ने खुद उसे अस्पताल में भर्ती कराया है और उसके इलाज़ की जिम्मेदारी भी ली है।
घायल व्यक्ति की पहचान परोलिया निवासी रामबाबू बागरी के रूप में हुई है। घटना जीरापुर के पास स्थित विजय कॉन्वेंट स्कूल के सामने हुई। दिग्विजय सिंह कोडक्या गांव में कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मुलाकात कर राजगढ़ से निकल रहे थे ठीक उसी समय एक बाइक सवार सामने की ओर से रहा था। बाइक सवार ने टर्न लिया और वो दिग्विजय की कार के सामने आ गया।
बाइक इतनी जोर से कार से टकराई कि युवक उछलकर खंभे से जा टकराया और उसके सिर में चोट लग गई। दिग्विजय सिंह उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए और बाद में घायल को भोपाल स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दिग्विजय सिंह के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है कार भी जब्त कर ली है।
वहीं इस मामले को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि "घायल की चोट गंभीर नहीं है। वह अचानक कार के सामने आ गया। मैंने उसे अस्पताल भेजा, और मैं भी अस्पताल गया और उससे मिला। उसे इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया है। मैं उसके इलाज़ की व्यवस्था करूंगा।