शादी के मौके पर दोस्तों का मज़ाक और सावधानी बरतने की सलाह के तौर पर गर्भनिरोधक दिए जाना तो आम रहा है, लेकिन सामूहिक विवाह समारोह में दुल्हनों को मेकअप किट में कॉन्डोम और गर्भनिरोधक गोलियां दिए जाने का मामला सामने आया है।
ये मामला झाबुआ जिले से जुड़ा है। यहाँ एक सामूहिक विवाह समारोह में दुल्हनों को कंडोम और गर्भनिरोधक गोलियां बांटी गईं हैं। जिले के थंडाला में मुख्यमंत्री वधु विवाह का आयोजन किया गया, जहां 296 जोड़े सामूहिक रूप से परिणय सूत्र में बंधे। इस बार अधिकारियों ने दुल्हनों के मेकअप बॉक्स के अंदर गर्भनिरोधक गोलियों के साथ कंडोम के पैकेट भी साथ में दिए।
मामला सामने आने पर सम्बंधित अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति है। कोई भी इस मामले पर बोलने से बच रहा है। वहीं सोशल मीडिया में इसे लेकर प्रशासन पर सवाल उठाये जा रहे हैं।
इससे पहले डिंडोरी में शादी से पहले प्रेग्नेंसी टेस्ट किया गया था। जिसे लेकर काफी बवाल हुआ था। डिण्डोरी के गढ़सराय कस्बे में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सामूहिक विवाह के आयोजन में 219 कन्याओं का गर्भ परीक्षण किया गया था। परीक्षण के बाद गर्भवती पाई गई 4 लड़कियों को सामूहिक विवाह में शामिल नहीं किया गया था।