मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को बस 4 महीने ही बाकी हैं। ऐसे में बीजेपी लगातार सत्ता में बने रहने के लिए एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा रही है। तो वहीं कांग्रेस सत्ता में काबिज होने के लिए पूरी कोशिश कर रही है।

इसी सिससिले में आगामी चुनाव में चुनावी रणनीति समेत अन्य मुद्दों को लेकर मध्यप्रदेश के कांग्रेस नेताओं के साथ कांग्रेस अध्यक्ष  मल्लिकार्जुन खरगे,  पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष  कमलनाथ और वरिष्ठ नेताओं ने एक महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक को लेकर पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- चुनाव में सवा चार महीने बचे हुए हैं, ऐसे में क्या रणनीति बनाई जाए इस मुद्दे पर बैठक में चर्चा हुई। तो वहीं राहुल गांधी मध्यप्रदेश में भी कर्नाटक चुनाव के फार्मूले को लेकर इतिहास दोहराने की बात कर रहे हैं। राहुल गांधी का दावा है, कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 150 सीटें मिलेंगी। 

राहुल गांधी के इस दावे को मध्यप्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा मुंगेरी लाल का हसीन सपना बता रहे हैं। वीडी बाबू पीएम मोदी और सीएम शिवराज के नेतृत्व में अबकी बार दो सौ पार' के संकल्प के साथ जीत का दावा ठोंक रहे हैं। 

एमपी चुनाव का अभी तो ठीक से आगाज़ भी नहीं हुआ है। फिर भी दोनों पार्टियां अपने-अपने चुनावी दावों और वादों को लेकर तैयार हैं। जहां बीजेपी सरकार वापसी का दावा कर रही है, तो वहीं कांग्रेस भी भी सत्ता की मलाई चखने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। अव किसे क्या मिलता है ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा।