देश-प्रदेश में कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस सोमवार को राजभवन का घेराव करने निकली। राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राजभवन की ओर कूच किया लेकिन पुलिस प्रशासन ने आधे रास्ते ही कार्यकर्ताओं पर वाटर केनन चला खदेड़ दिया। 

भारत जोड़ो यात्रा के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस का यह सबसे बड़ा आयोजन था लेकिन इसमें  जिस तरह का दावा किया था वैसी भीड़ नहीं देखी थी यहाँ तक कि वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी प्रदर्शन में मौजूद नहीं रहे। 

कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। दोपहर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और फिर कार्यकर्ता कमलनाथ के नेतृत्व में राजभवन की और निकले लेकिन पुलिस ने कार्यकर्ताओं को राजभवन पहुँचने से पहले ही रोक दिया। 

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह और दूसरे बड़े नेता ट्रक पर सवार थे। रंगमहल चौराहे से आगे कार्यकर्ताओं और पुलिस की भिड़ंत हो गई। कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ना चाहा तो पुलिस ने वॉटर कैनन से उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस ने विधायक जीतू पटवारी, कुणाल चौधरी समेत 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।