विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में दलबदल का सियासी खेल शुरू हो चुका है। अब कटनी ज़िले में भाजपा के बड़े नेता का पार्टी से मोहभंग होता दिख रहा है और यह कहा जा रहा है कि ये नेता जल्द ही भाजपा का साथ छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं।
सत्ताधारी भाजपा को कटनी की बहोरीबंद सीट से झटका देने जा रहे नेता शंकर महतो (पटेल) हैं। शंकर महतो को जनाधार वाला नेता माना जाता है। दिग्विजय सिंह व जयवर्धन से मुलाक़ात के बाद माना जा रहा है की महतो जल्द ही कमलनाथ की मौजूदगी मे कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे।
महतो निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में 2003 व 2008 के विस चुनाव में महज़ 315 व 600 के लगभग वोट से हारे थे,उसके बाद बहोरीबंद जनपद के निर्विरोध अध्यक्ष रह चुके हैं। बीजेपी में एक केंद्रीय मंत्री के नज़दीकी रहे महतो कटनी की 4 सीट पर पिछड़ा वर्ग में अपनी पैठ रखते हैं।
साल 2008 में बीजेपी ने बहोरीबंद सीट को जनता दल (यू) को गठबंधन में दे दिया था तब शंकर महतो जनशक्ति पार्टी से चुनाव लड़ गए थे फिर बाद में उन्हें बीजेपी में शामिल कराया गया था।