मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़ा दावा किया है। राहुल गांधी ने एमपी में 150 सीटें जीतने की बात कही है। वहीं राहुल गांधी के इस दावे पर सीएम शिवराज सिंह ने तीखा तंज कसा है।
राहुल गांधी ने यह दावा सोमवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में MP के नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक के बाद किया। राहुल गांधी का कहना था कि हमारी लंबी चर्चा चली। हमारा आंतरिक आकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली हैं। मध्यप्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली हैं। हम मध्यप्रदेश में कर्नाटक रिपीट करने जा रहे हैं।
इधर भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी के दावे पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मन को बहलाने को राहुल बाबा ख्याल अच्छा है। उनको ख्याली पुलाव पकाने हैं, तो पकाते रहें। सीएम शिवराज ने मध्यप्रदेश में भाजपा के 200 से ज्यादा सीट जीतने की बात भी कही।
BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। वे कांग्रेस की चिंता करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में BJP आगामी विधानसभा चुनाव में 'अबकी बार दो सौ पार' के संकल्प के साथ जीत का इतिहास बनाएगी।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए AICC में हुई कांग्रेस की इस अहम बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव केसी वेणुगोपाल, मध्यप्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह व प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।