भोपाल: राज्य के खनिज विभाग में चतुर्थ श्रेणी के पदों पर संविदा कर्मियों को 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जायेगा। इसके लिये 25 साल पुराने भर्ती नियमों में बदलाव कर दिया गया है। विभाग में चतुर्थ श्रेणी के हवलदार पद 15 रहेंगे जो सिपाहियों को पदोन्नति देकर भरे जायेंगे।
सिपाहियों के 60 पद रहेंगे जो सीधी भर्ती से भरे जायेंगे जबकि भृत्य के 33 पद, क्षेत्रीय सहायक के 24 पद, चौकीदार के 4 पद एवं प्रोसेस सर्वर के 32 पद होंगे तथा ये भी सीधी भर्ती से भरे जायेंगे।
आकस्मिकता निधि से वेतन पाने वाले कर्मचारी अर्थात चैनमेन, क्लीनर, चौकीदार, स्वीपर को प्रोसेस सर्वर, क्षेत्रीय सहायक तथा चौकीदार के स्वीकृत पदों पर नियमित नियुक्ति हेतु विचार किया जायेगा। सिपाही को हवलादार के पद पर पदोन्नत करने के लिये 5 वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य होगा।