मध्य प्रदेश में भोपाल और रीवा के बाद छिंदवाड़ा में भी पूर्व सीएम कमल नाथ के विवादित पोस्टर लगाए गए हैं। विवादित पोस्टर सामने आने के बाद तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। दरअसल, कमल नाथ की फोटो वाले इस पोस्टर में 'वांटेड करप्शन नाथ, स्कैन टू अवॉइड स्कैम' जैसे शब्द हैं।

छिंदवाड़ा शहर में शनिवार सुबह से ही पूर्व सीएम कमल नाथ का विवादित पोस्टर चर्चा में है। हालांकि, इन पोस्टर्स को लेकर अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है। लेकिन इन पोस्टरों के सामने आने के बाद छिंदवाड़ा की सियासत एक बार फिर गरमाने लगी है।

निगम कार्यालय से लेकर VIP रोड तक जगह-जगह ये पोस्टर लगाये गये हैं। छिंदवाड़ा नगर निगम कार्यालय, मानसरोवर कॉम्प्लेक्स, वीआईपी रोड और ओवर ब्रिज के नीचे के कुछ इलाकों में कमलनाथ से जुड़े विवादित पोस्टर लगाए गए हैं। ये पोस्टर किसने लगाए ये जांच का विषय है, लेकिन कुछ लोग पोस्टर के क्यूआर कोड को स्कैन करते हुए भी नजर आ रहे हैं।