मप्र में कल से शुरू हो रही लाडली बहना योजना के तहत राशि डालने की शुरूआत के लिए पूरे प्रदेश में प्रशासनिक तैयारियों का दौर दौरा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह ही अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। कल शाम मुख्यमंत्री इस योजना के राशि अंतरण के लिए जबलपुर में मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने अफसरों को कहा है कि लाडली बहना योजना का इंपैक्ट असेसमेंट भी कराया जाएगा। माना जा रहा है कि महाकोशल में 12 जून को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सभा व अन्य कार्यक्रमों को देखते हुए सरकार ने भी जबलपुर को चुना है। सरकार का इरादा कांग्रेस की 15 सौ रूपये प्रतिमाह महिलाओं को दी जाने वाली प्रस्तावित 'महिला सम्मान योजना' की हवा बिगाड़ने का भी है। मप्र सरकार लगभग सवा करोड़ महिलाओं को एक-एक हजार रूपए प्रतिमाह देने जा रही है। सालाना इस पर सरकार करीब 15 हजार करोड़ रूपए खर्च करेगी।

इस बीच आज जबलपुर के राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी अफसरों से लेते हुये मुख्यमंत्री चौहान ने संभागीय कमिश्नर को जरूरी हिदायतें दीं। वही मप्र में सभी ग्राम और वार्ड स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी भी ली गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 जून के कार्यक्रम की बेहतर तैयारी होना चाहिये । हालांकि जिलों का प्रशासनिक अमला बधाई का पात्र है, क्योंकि प्रदेश में 8 जून को ग्राम सभाओं में बहनों की व्यापक भागीदारी रही है। इसी तरह 10 जून के कार्यक्रम भी व्यवस्थित होना चाहिए। जहां आमंत्रण देने का कार्य पूर्ण ना हुआ हो, घर घर जाकर पीले चावल देकर बहनों को आमंत्रित किया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह योजना प्रशासनिक दक्षता और समस्त अमले के परिश्रम का उदाहरण है। प्रदेश की सवा करोड़ महिलाओं को प्रतिमाह लाभान्वित करने की यह पहल अन्य राज्यों के लिए भी एक दृष्टांत है। समस्त गतिविधियों का दस्तावेजीकरण भी किया जाए। इस बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास दीपाली रस्तोगी और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।