वो कहते हैं ना जहां पर दवा भी काम न आए वहां दुआ ही कुछ असर कर सकती है। ज़रा सोचकर देखिए जिस इंसान की दोनों किडनियां खराब हो गई हो और महानगरों के बड़े-बड़े डॉक्टरों ने भी जवाब दे दिया हो उसकी क्या हालत होगी।

जी हां हम बात कर रहे हैं डिंडोरी जिले के मेहदवानी मॉडल स्कूल के हिंदी टीचर संजय कुमार की जिनकी दोनों किडनी खराब हो चुकी है और मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक वे चंद दिनों के ही मेहमान हैं। अपने चहेते टीचर की बीमारी की जानकारी मिलने के बाद से ही स्कूली छात्र छात्राएं बेहद भावुक और मायूस हैं। 

इन स्कूली छात्र छात्राओं ने अभी भी उम्मीद नही छोड़ी है वे अपने हिंदी टीचर के स्वास्थ में बेहतरी के लिये रोज स्कूल में प्रार्थना करते हैं उन्हें इस बात का पूरा भरोसा है, कि एकदिन उनके टीचर बिल्कुल स्वस्थ होंगे। 

स्कूली छात्रों का लगाव व प्रेम देख टीचर संजय सिंह भी भावुक हैं और उनके मन में भी विश्वास बढ़ गया है की दवा न सही लेकिन छात्रों की दुआएं ज़रूर असर करेंगी। छात्रों के साथ स्कूल का पूरा स्टाफ भी हिंदी टीचर के लिये रोज प्रार्थना में शामिल होता है। 

टीचर संजय सिंह ने बताया कि नवम्बर महीने में पहली बार जब उनकी तबियत खराब हुई थी उस समय उन्होंने  स्थानीय सरकारी अस्पताल में चेकअप करवाया था। इसके बाद डॉक्टर की सलाह पर वे चेकअप कराने जबलपुर और नागपुर गये जहाँ डॉक्टरों ने दोनों किडनी खराब होने की बात का खुलासा करते हुए अपने हाथ खड़े कर दिये। 

फिर सोशल मीडिया ये संजय को चंडीगढ़ में आयुर्वेदिक उपचार की जानकारी मिली जहाँ उनका इलाज जारी है एक तरफ टीचर संजय सिंह उपचार के लिये अस्पतालों के चक्कर काट रहे थे तो वहीं स्कूल में छात्र ने उनके लिए प्रार्थना कर रहे थे।  

बात करें संजय सिंह की तो स्कूली छात्र अपने हिंदी टीचर के पढ़ाने और उनके व्यवहार के क़ायल हैं। छात्र उनका  गुणगान करते नहीं थकते, उनके पढ़ाने का अंदाज, व्यवहार और हर प्रकार से मदद करने के लिये तत्पर रहना यह सब बताते हुए वे बेहद भावुक हो जाते हैं। तो वहीं स्कूल प्रिंसिपल का कहना है कि उन्होंने हिंदी टीचर संजय कुमार को आराम करने के लिये अवकाश की अनुमति दे रखी है लेकिन बीमार और कमजोर होने के बाद भी वे रोज स्कूल आते हैं और बच्चों को पढ़ाते हैं। 

वो कहा जाता है न कि किसी चीज़ को पूरी शिद्दत से चाहो तो पूरी क़ायनात भी आपको उससे मिलाने में लग जाती है। स्कूली छात्रों के टीचर संजय सिंह के लिए प्रेम और भरोसे को देखते हुए हम भी बस यही दुआ करते हैं, कि संजय जल्दी से ठीक हो कर वापस से अपनी रुटीन लाइफ़ में लौट आएं।