दतिया के पास एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। हादसे की जो जानकारी सामने आ रही है, उसमें बेकाबू ट्रक के नदी में गिरने से ट्रक में सवार 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 30 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। ये सभी लोग ट्रक में सवार होकर एक शादी में शामिल होकर लौट रहे थे।

हादसा दतिया के दुरसाडा थाना क्षेत्र के बुहारा गांव में हुआ। ट्रक अनियंत्रित होकर बुहारा नदी में गिर गया। ट्रक में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, इसी दौरान ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक बुहरा नदी में जा गिरा। अभी भी कई बच्चे लापता बताए गए हैं, दो दर्जन लोग घायल हैं।

यहां बुहरा नदी में ट्रक गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीण बचाव के लिए पहुंच गए और बचाव के प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। नदी में गिरे लोगों को बचाने के लिए बचाव कार्य जारी है। घायलों को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है।

प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। गृहमंत्री ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने का निर्देश दिया है।  गृहमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी ने इस दुर्घटना में सभी मृतकों के परिजनों को 4–4 लाख रुपए और घायलों को 50–50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।